इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा अंबाती रायुडू ने शनिवार को एक ट्वीट कर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा की। हालांकि, 36 साल के इस बल्लेबाज ने बाद में अपने ट्वीट को डिलीट (हटा) कर दिया। अंबाती रायुडू पांच बार चैंपियन टीम का हिस्सा रहे हैं। वह अपने शानदार आईपीएल करियर के दौरान मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का अभिन्न हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने आईपीएल में अब तक 187 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 29.28 के औसत और 127.26 के स्ट्राइक रेट से 4187 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं। वह अपने आईपीएल करियर में अब तक 349 चौके और 164 छक्के लगा चुके हैं। आईपीएल 2022 में उन्होंने अब तक 12 मैच में 27.10 के औसत और 124.31 के स्ट्राइक रेट से 271 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक अर्धशतक भी है।
अंबाती रायुडू ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि यह मेरा आखिरी आईपीएल होगा। मैंने इसे खेलते हुए और 13 वर्षों तक 2 महान टीमों का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा समय बिताया है। शानदार यात्रा के लिए मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को ईमानदारी से धन्यवाद देना पसंद करूंगा।’

अंबाती रायुडू ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी शुरुआत 2010 में की थी। तब उन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। उन्होंने आईपीएल 2013 के सीजन में सभी मैच खेले। उस सीजन मुंबई इंडियंस ने अपनी पहली खिताबी जीत हासिल की थी।
मुंबई इंडियंस ने 2015 और 2017 में आईपीएल का खिताब जीता। तब भी अंबाती रायुडू मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। हालांकि, 2017 में वह सिर्फ पांच मैच ही खेले थे। आईपीएल 2018 में वह महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने।
एमएस धोनी की कप्तानी ने अंबाती रायुडू ने पावर-हिटर के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2018 और आईपीएल 2021 में टूर्नामेंट का खिताब जीता। दोनों ही बार अंबाती रायुडू चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे।
+91 120 4319808|9470846577
स्वर्णिम भारत न्यूज़ हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.