स्वर्णिम भारत न्यूज़ संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बड़ी बहन प्रसिद्ध लेखक, फिल्म निर्माता गीता मेहता पंचभूत में विलीन हो गई हैं। उनका अंतिम संस्कार नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में किया गया। इकलौते बेटे आदित्य सिंह मेहता ने अपनी मां को मुखाग्नि दी।
श्मशान घाट में कई गणमान्य रहे मौजूद
अंतिम संस्कार के समय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बड़े भाई प्रेम पटनायक लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में मौजूद थे।
इस अवसर पर सांसद पिनाक मिश्र, मानस मंगराज, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे प्रमुख उन लोगों में शामिल थे, जिन्हें श्मशान घाट पर देखा गया।
जानकारी के मुताबिक, गीता मेहता के पार्थिव शरीर को तीन, ए.पी.जे कलाम मार्ग स्थित उनके पैतृक आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
शोकाकुल परिवेश में गीता मेहता के बड़े भाई प्रेम पटनायक, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अन्य चाहने वाले पार्थिव शरीर के पास मौजूद थे।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जताया शोक
दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं अपनी बड़ी बहन गीता मेहता की दुखद मौत के कारण दिल्ली पहुंचा हूं। वह एक प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और लेखिका थीं।
उन्होंने गीता मेहता के निधन पर शोक और संवेदना व्यक्त करने वालों का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बड़ी बहन और प्रसिद्ध लेखिका, वृत्तचित्र निर्माता और पत्रकार गीता मेहता का शनिवार रात नई दिल्ली में उनके आवास पर निधन हो गया। मृत्यु के समय उनकी आयु 80 वर्ष थी।
पति सनी मेहता ने 2019 में छोड़ी दुनिया
1943 में जन्मी गीता पूर्व मुख्यमंत्रियों बीजू पटनायक एवं ज्ञान पटनायक की इकलौती बेटी हैं। उन्होंने देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन किया और फिर ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की।
1965 में उन्होंने अमेरिका में अल्फ्रेड ए कैफ पब्लिशिंग हाउस के प्रमुख सनी मेहता से शादी की। 2019 में सनी मेहता का निधन हो गया था। उनके इकलौते बेटे का नाम आदित्य सिंह मेहता है।
पद्म श्री लेने से कर दिया था मना
गीता मेहता, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रसिद्ध लेखिका के रूप में जानी जाती हैं, ने यूनाइटेड किंगडम, यूरोप और अमेरिका में विभिन्न टीवी चैनलों के लिए 14 वृत्तचित्र बनाए। 1970 और 1971 के बीच उन्होंने अमेरिकी टीवी चैनल एनबीसी के लिए एक युद्ध संवाददाता के रूप में भी काम किया।
उनकी डॉक्यूमेंट्री 'बांग्लादेश क्रांति का संकलन, डेटलाइन बांग्लादेश' भारत और विदेश के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई थी। उन्हें 2019 में पद्म श्री पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। वह राजनीतिक कारणों से इसे खारिज करने के लिए सुर्खियों में आयी थीं।
यह भी पढ़ें:पाकिस्तान में मांगी गई पीएम मोदी की सलामती की दुआएं, गुरुद्वारा डेरा करतारपुर साहिब में हुई अरदास
पीएम मोदी ने भी जताया शोक
मेहता ने कर्म कोला, स्नैक एण्ड लैंडर्स, ए रिवर सूत्र, राज, एटरनल गणेश आदि पुस्तकें लिखी हैं। उनकी पुस्तक का 21 भाषाओं में अनुवाद किया गया है।
यह भारत, अमेरिका और यूरोप में सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब है। कई गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गीता मेहता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
I am saddened by the passing away of noted writer Smt. Gita Mehta Ji. She was a multifaceted personality, known for her intellect and passion towards writing as well as film making. She was also passionate about nature and water conservation. My thoughts are with @Naveen_Odisha…— Narendra Modi (@narendramodi) September 16, 2023
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, राजस्व मंत्री प्रमिला मलिक और गृह राज्य मंत्री तुषारकांति बेहरा ने उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा ने कहा कि गीता मेहता के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वह एक पारिवारिक मित्र होने के नाते उनके साथ बिताए समय, उनके प्यार, आतिथ्य को याद करते हुए शोक प्रकट किया है।
यह भी पढ़ें: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन में एक आम यात्री की तरह किया सफर, यात्रियों की शिकायतें सुन कह दी यह बात
+91 120 4319808|9470846577
स्वर्णिम भारत न्यूज़ हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.