केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार (3 मार्च) को कर्नाटक पहुंचे। उन्होंने बीदर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय चुनाव के परिणाम पर बात की। अमित शाह ने कांग्रेस की चुटकी लेते हुए कहा कि आप सभी जानते होंगे कि उत्तर-पूर्व में क्या हुआ है। कल त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय के नतीजे घोषित हुए और इन राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया।
कांग्रेस ऐसे हारी कि दूरबीन लेकर भी नहीं दिख रहे- अमित शाह
बीदर में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि आज यहां से विजय संकल्प यात्रा शूरू हो रही है। ये विजय संकल्प यात्रा हमारे नेता को मुख्यमंत्री बनने का संकल्प नहीं है बल्कि ये विजय संकल्प यात्रा कर्नाटक के गरीब से गरीब लोगों के कल्याण करने के संकल्प को लेकर है। अमित शाह ने कहा, “आपकी उपस्थिति बता रही है कि कर्नाटक में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने वाली है। कल ही त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय तीनों जगहों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। हारे तो हारे लेकिन ऐसे हारे हैं कि दूरबीन लेकर भी नहीं दिख रहे।”
जनता मोदी जी की लंबी आयु के लिए प्रार्थना कर रही
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा, “इन लोगों के पास विजय का कोई सूत्र नहीं बचा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का स्तर दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है। ये लोग नारे लगा रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी और AAP के लोग कहते हैं कि मोदी तुम मर जाओ। आपके कहने से क्या होता है। ईश्वर आपकी नहीं सुनेगा क्योंकि 130 करोड़ जनता मोदी जी की लंबी आयु के लिए प्रार्थना कर रही है।”
मोदी जी का जादू पूर्वोत्तर से लेकर कर्नाटक तक सिर चढ़कर बोलता है
चुनाव परिणामों पर बात करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री बोले, “कहा जाता था कि पूर्वोत्तर में भाजपा का प्रवेश नहीं हो सकता, वहां दूसरी बार NDA और भाजपा की सरकार बन रही है। मोदी जी का जादू पूर्वोत्तर से लेकर गुजरात, उत्तर प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक सिर चढ़कर बोलता है।” उन्होंने आगे कहा कि कल ही कर्नाटक से हजारों किमी। दूर उत्तर पूर्व में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और ऐसे हारे हैं कि दूरबीन लेकर भी दिखाई नहीं पड़ रहे हैं। कांग्रेस को नागालैंड में 0 सीट, मेघालय में 3 सीट और त्रिपुरा में सिर्फ 4 सीट मिली है।
कर्नाटक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “मैं सिद्धारमैया से पूछना चाहता हूं कि आपने क्या किया था? आपने सिर्फ दिल्ली के एक परिवार के लिए ATM बनकर भ्रष्टाचार का पैसा दिल्ली पहुंचाने का काम किया था। JDS और कांग्रेस दोनों ही परिवारवादी पार्टियां हैं। ये कभी कर्नाटक का कल्याण नहीं कर सकती। ये JDS को जो भी सीटें मिलती हैं वो लेकर कांग्रेस की गोदी में बैठ जाते हैं।”
मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड विधानसभा चुनाव के परिणाम
गौरतलब है कि भाजपा ने त्रिपुरा और नागालैंड में अपने गठबंधन साथियों के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की है। मेघालय में वह इस बार अकेले लड़ी और 2 सीटें जीतने में सफल रही। एनपीपी अध्यक्ष कोनराड संगमा ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया और बताया कि भाजपा ने उनकी पार्टी एनपीपी को समर्थन दिया है।
+91 120 4319808|9470846577
स्वर्णिम भारत न्यूज़ हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.